विदिशा: ग्राम पंचायत सेऊ की गौशाला में बदहाल हालात, लगातार हो रही गौवंश की मौत, जांच के आदेश

0
27

Drnewsindia/विदिशा (नटेरन)। तहसील नटेरन अंतर्गत ग्राम पंचायत सेऊ स्थित गौशाला में गौवंश की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। गौशाला में गौ माताओं को न तो पर्याप्त चारा मिल पा रहा है और न ही समुचित पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके चलते गौवंश बीमारियों की चपेट में आ रहा है और आए दिन गौ माता की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं।

स्थानीय ग्रामीणों और गौ सेवकों का आरोप है कि गौशाला संचालन के लिए मिलने वाली शासकीय सहायता का सही उपयोग नहीं किया जा रहा है। गौशाला के नाम पर आने वाला चारा, दवाइयां और अन्य संसाधन या तो गौवंश तक पहुंच नहीं पा रहे हैं या उनका दुरुपयोग किया जा रहा है। इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच और अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

इसी क्रम में विश्व हिन्दू परिषद के प्रखंड मंत्री अंकेश यादव ने गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गौ माताएं अत्यंत कमजोर, बीमार और भूखी अवस्था में पाई गईं। मौके पर मौजूद हालात को देखते हुए उन्होंने एसडीएम एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराए जाने का आश्वासन दिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और अधिक गौवंश की मौत हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषी पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गौशाला में नियमित पशु चिकित्सा जांच, पर्याप्त पोषण और प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अब बड़ा सवाल यह है कि गौ माता के नाम पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार पर प्रशासन कब तक आंख मूंदे रहेगा और कब जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई कर गौवंश की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here