भोपाल / देश गुरुवार को सदी के सबसे बड़े विमान हादसे से कराह उठा। अहमदाबाद से लंदन के गेटविक एयरपोर्ट जा रहा एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने के 2 मिनट बाद ही रहवासी क्षेत्र में क्रैश हो गया। हादसे में 229 विमानयात्री, दो पायलट और 10 क्रू मेंबर समेत 268 लोगों की मौत हो गई। विमान में 230 यात्री सवार थे। एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। विमान एयरपोर्ट के बाहर मेघाणीनगर में सिटी सिविल हॉस्पिटल और बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा। वहां 27 लोगों की मौत हुई है। इनमें 5 डॉक्टर और अन्य शामिल हैं। 20 डॉक्टर लापता हैं। विमान में सवार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का भी निधन हुआ है।
एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई 171) ने दोपहर 1रू38 बजे अहमदाबाद के सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे 23 से उड़ान भरी थी। विमान कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर उड़ा रहे थे। हादसे से पहले पायलट ने एटीसी को मेडे कॉल दिया था। हालांकि प्रतिक्रिया करने पर विमान से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद 825 फीट की ऊंचाई से विमान नीचे आने लगा और गिरकर आग का गोला बन गया। ब्लैक बॉक्स, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर की तलाश जारी है। क्रैश साइट पर तापमान 1,000° सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे बचाव में भी मुश्किल हुई।
बचाने की गुंजाइश ही नहीं थीः शाह
गृह मंत्री अमित शाह और उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू अहमदाबाद पहुंचे। शाह ने कहा, विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था। इसके जलने से तापमान इतना अधिक था कि किसी को बचाने की गुंजाइश ही नहीं थी। प्रशासन को मृतकों की पहचान के लिए 1000 से ज्यादा डीएनए टेस्ट कराने होंगे।
भोपाल एयरपोर्ट पर रोजाना 36 से 38 फ्लाइट्स की आवाजाही होती है। इसमें से छह फ्लाइट्स एयर इंडिया और बाकी अन्य सभी इंडिगो कंपनी की हैं। देश के अलग-अलग शहरों से आने-जाने वाली फ्लाइट्स के चलते भोपाल एयरपोर्ट का प्रतिदिन का फुट फाल 3500 से लेकर 4500 तक रहता है।
भोपाल. अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना को लेकर राजधानी में भी शोक की लहर है। शहर के अनेक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। हादसे को लेकर विधायक आरिफ मसूद की ओर से एमपी नगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मृतकों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
कई जगह शोक संवेदनाएं
सेवानिवृत्त अर्द्ध शासकीय अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है। फेडरेशन के अरुण वर्मा ने कहा कि यह बहुत दुखद हादसा है, जो देश कभी भूल नहीं पाएगा। इसी प्रकार परमशक्ति सेवा समिति के आचार्य गंगाप्रसाद शास्त्री ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इस हादसे में मारे गए लोगों की आत्मशांति के लिए प्रार्थना की है। अखिल भारती कायस्थ महासभा और राजा राम कृष्ण बाई ट्रस्ट नेवरी द्वारा गुरुवार को भगवान चित्रगुप्त आरती के बाद अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना में मृत यात्रियों के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। प्लेन क्रैश हादसे में मारे गए लोगों को मध्यप्रदेश सद्भावना मंच के पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी।
राजभोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट को सुरक्षा कारणों के चलते निरस्त किया गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने कहा कि 24 घंटे के बाद ही इस फ्लाइट के संचालन पर फैसला लिया जा सकेगा। गुरुवार को यात्रियों को बताया गया कि अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर हुए भीषण विमान हादसे के चलते राजधानी से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है। यह फ्लाइट दोपहर 2रू40 पर भोपाल से रवाना होती है। इससे पहले यह फ्लाइट दोपहर 1रू50 बजे अहमदाबाद से भोपाल पहुंची थी, लेकिन अहमदाबाद में रनवे बंद होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर एआई-171 सोमवार दोपहर 1रू38 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई थी, लेकिन महज दो मिनट बाद, दोपहर 1रू40 बजे यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान एयरपोर्ट की सीमा से सटी एक इमारत से टकरा गया।
