drnewsindia.com
अल्हागंज (शाहजहाँपुर)। उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में बुधवार की सुबह कोहरे के कारण एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर अल्हागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक अनियंत्रित रोडवेज बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सुगसुगी मोड़ के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। बरेली डिपो की एक रोडवेज बस और कार के बीच सुगसुगी मोड़ से पहले आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिसे हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
लखीमपुर खीरी के रहने वाले थे मृतक
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अरुण, 32 वर्षीय ऋषभ और 30 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। ये तीनों युवक लखीमपुर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के मुड़ा खालसा अमीन नगर के निवासी थे। हादसे में कार सवार अनिल और गौरव (निवासी मूड़ा भाई छतौनिया, लखीमपुर खीरी) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को फर्रुखाबाद रेफर किया गया
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें फर्रुखाबाद रेफर कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।




