CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान: 2026 किसान कल्याण वर्ष, 2027 युवाओं के नाम
जीराम जी योजना पर विपक्ष पर साधा निशाना
drnewsindia.com/भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को सत्ता और संगठन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विकास योजनाओं को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के लिए वर्ष 2026 किसान कल्याण वर्ष होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृषि विकास की अपार संभावनाएं हैं और इन्हें धरातल पर उतारने के लिए जीराम जी योजना को केंद्र में रखकर समेकित कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस योजना में 15 विभागों को जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पलायन पूरी तरह रुकेगा।
मजदूरों के लिए बढ़ी काम की गारंटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में काम की अनुकूलता बढ़ाई जा रही है।
- मनरेगा में 100 दिन
- जीराम जी योजना में 125 दिन
काम की गारंटी दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में साल में 60 दिन कटाई-बुआई के दिन अधिसूचित किए जाएंगे। योजना में केंद्र और राज्य के बीच 60:40 का अनुपात रहेगा, जबकि मजदूरी दरें केंद्र सरकार तय करेगी। अधिनियम में मजदूरों के हित में कई प्रावधान किए गए हैं।
2026 किसान और 2027 युवा वर्ष
सीएम ने कहा कि वर्ष 2024 गरीब कल्याण, 2025 उद्योग विकास के लिए था, जबकि 2026 किसानों और 2027 युवाओं को समर्पित रहेगा। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि विरोधी दल तथ्यात्मक बात नहीं कर रहे हैं और केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
इंदौर दूषित पानी मामले पर संवेदना
इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भी जान जाना बेहद कष्टकारी है। पंजीयन एक प्रक्रिया है, लेकिन जहां भी राहत देने की जरूरत होगी, सरकार सभी प्रभावितों को सहायता प्रदान करेगी।
कांग्रेस भ्रम फैला रही है: खंडेलवाल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जीराम जी योजना को लेकर विपक्ष भ्रम फैला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 50 प्रतिशत काम तय करने का अधिकार पंचायतों के पास रहेगा और बोवनी व फसल कटाई के समय काम में ब्रेक दिया जाएगा।




