Drnewsindia
बीजिंग।सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर चीन में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने फिल्म के ट्रेलर को वास्तविक घटनाओं से अलग बताते हुए कहा है कि भारत-चीन संबंधों में सुधार की कोशिशों के बीच इस फिल्म का रिलीज होना गलत समय पर उठाया गया कदम है। अखबार ने आरोप लगाया कि फिल्म भारतीय दृष्टिकोण को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करती है और इससे चीन विरोधी भावना भड़क सकती है।
ग्लोबल टाइम्स ने सैन्य विशेषज्ञ सॉन्ग झोंगपिंग के हवाले से कहा कि फिल्में देशभक्ति की भावना भले बढ़ाएं, लेकिन वे ऐतिहासिक तथ्यों को नहीं बदल सकतीं। ट्रेलर के कुछ दृश्यों की तुलना हॉलीवुड सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स से भी की गई है। चीनी सोशल मीडिया पर सलमान खान की वेशभूषा और हेयर स्टाइल को लेकर भी आलोचना हो रही है।
फिल्म का ट्रेलर 27 दिसंबर को जारी किया गया था, जिसमें सलमान खान कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म जून 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प पर आधारित है।
गलवान झड़प से जुड़े अहम तथ्य
- 15–16 जून 2020 की रात पूर्वी लद्दाख में हिंसक झड़प हुई थी
- भारत के 20 सैनिक शहीद हुए थे, जिनमें कर्नल बी. संतोष बाबू शामिल थे
- चीन ने 8 महीने बाद 4 सैनिकों की मौत स्वीकार की
- झड़प में गोली नहीं चली, लाठी-डंडों से हाथापाई हुई
- घटना के बाद भारत-चीन संबंधों में गंभीर तनाव बढ़ा
- भारत ने चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध और सीमा पर इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत किया
फिल्म को लेकर चीन की प्रतिक्रिया ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है।




