CCTV में कैद हुई पूरी घटना, पुलिस जांच में जुटी
सीहोर | जिले के बुधनी क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक के साथ मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। ट्राइडेंट कंपनी के पास स्थित एक ढाबे से शुरू हुआ विवाद पेट्रोल पंप तक जा पहुंचा, जहां हमलावरों ने युवक का पीछा कर दोबारा बेरहमी से पिटाई की। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो गुरुवार को सामने आया है।
ढाबे पर शुरू हुआ विवाद, मारपीट में बदला
जानकारी के अनुसार यह घटना 18 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे की है। ढाबे पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के चार युवकों ने दूसरे पक्ष के युवक पर अचानक हमला कर दिया।
जान बचाकर भागा युवक, पेट्रोल पंप पर फिर पीटा
मारपीट से बचने के लिए घायल युवक पास ही स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही आरोपियों ने युवक के साथ फिर से मारपीट की। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
घायल अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोल पंप संचालक ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।
शराब के नशे में हुआ विवाद
सूत्रों के मुताबिक ढाबे पर शराब सेवन के दौरान आपसी विवाद बढ़ा, जिसके चलते यह हमला हुआ। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




