Drnewsindia.com
सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC) में एक कर्मचारी की घृणित हरकतों ने पूरे स्टाफ को परेशान कर दिया है। यहां पदस्थ भृत्य (चपरासी) शेख अजहरुद्दीन पर सहकर्मियों ने अमानवीय व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

क्या हैं गंभीर आरोप?
संस्था के कर्मचारियों ने जिला पंचायत सीईओ को सौंपी गई अपनी शिकायत में बताया कि अजहरुद्दीन की हरकतें असहनीय हो चुकी हैं:
- घृणित व्यवहार: वह जानबूझकर स्टाफ के खाने के टिफिन, पीने के पानी और कार्यालय की जरूरी फाइलों पर थूकता है।
- धमकी और गुंडागर्दी: महिला अधिकारियों को जान से मारने की धमकी देना और ऑफिस में बाहरी असामाजिक तत्वों को बुलाकर कर्मचारियों को डराना उसकी आदत बन गई है।
- असहज माहौल: इन हरकतों की वजह से कार्यालय में दहशत और डर का माहौल बना हुआ है, जिससे काम करना मुश्किल हो गया है
बजरंग दल के साथ पहुंचे कर्मचारी, CEO ने दिए जांच के आदेश

लंबे समय से प्रताड़ना झेल रहे कर्मचारियों ने अब चुप न रहने का फैसला किया। सोमवार को स्टाफ के सदस्य बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे और सीईओ सृजना यादव को लिखित आवेदन सौंपा।
कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बुलंद हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीईओ सृजना यादव ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं और भरोसा दिलाया है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




