दो गंभीर भोपाल रेफर, बाइक सवार बस के नीचे दबा; पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
अब तक: सभी घायलों का इलाज जारी, स्थिति नियंत्रण में
Drnewsindia.comसीहोर | सलकनपुर | मंगलवार
सीहोर जिले के सलकनपुर के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में 22 यात्री घायल हो गए। हरदा-सिवनी से सलकनपुर होते हुए भोपाल जा रही चौहान बस सर्विस की बस (MP04-PA-2877) आवली घाट रोड पर नहर की पुलिया से टकरा गई। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ।
अब तक का अपडेट
- बस में करीब 45 यात्री सवार थे
- हादसे में 22 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि
- 2 घायलों की हालत गंभीर, भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर
- बाइक सवार बस के नीचे दबा, हालत गंभीर बनी हुई
- अन्य घायलों का इलाज सीएचसी रेहटी में जारी
- फिलहाल सभी घायलों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सलकनपुर के समीप एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई और नहर की पुलिया की स्पील पर चढ़ गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों को सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आईं।
एम्बुलेंस नहीं पहुंची, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही सलकनपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि 108 एम्बुलेंस और अन्य एम्बुलेंस वाहन समय पर नहीं पहुंच सके, जिसके बाद पुलिस ने अपने वाहनों से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी पहुंचाया।
पुलिस का बयान
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि—
“बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार रेहटी में जारी है।”
एक दिन पहले भी चौहान बस सर्विस की बस हुई थी दुर्घटनाग्रस्त
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सोमवार रात करीब 9:30 बजे चौहान बस सर्विस की ही एक अन्य बस (MP05-G-8554) सलकनपुर में डंपर से टकरा गई थी। उस हादसे में यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस की रफ्तार अधिक थी, जबकि चालक ने डंपर को गलत साइड से आने वाला बताया था।




