शीतलहर के चलते कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए
Drnewsindia.com/सीहोर।
सीहोर जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। ठंड को देखते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी नगरीय निकायों और बड़ी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि आमजन की सुविधा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजारों में अलाव की व्यवस्था
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव जलाए जाएं। इसका उद्देश्य निराश्रितों, जरूरतमंदों और यात्रियों को ठंड से राहत देना है। उन्होंने यह भी कहा कि अलाव के लिए पर्याप्त ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि रात और सुबह के समय लोगों को परेशानी न हो।
कोहरे से घट रही विजिबिलिटी, आवागमन प्रभावित
जिले में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। सुबह के समय सड़कों पर चलने वाले वाहनों को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ रही है। ठंड और कोहरे के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी सर्दी, मावठे की संभावना
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. तोमर के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी हो रही है। इसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। सर्द हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
उन्होंने मावठे (शीतकालीन वर्षा) की संभावना भी जताई है, जिससे आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।
एक माह से जारी ठंड, लोगों की बढ़ी परेशानी
करीब एक माह पहले जिले में ठंड ने दस्तक दी थी। इसके बाद से तापमान में लगातार गिरावट बनी हुई है। कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण सुबह और रात के समय लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




