सीहोर: समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का आगाज; पहले दिन 535 किसानों से खरीदा 2247 मीट्रिक टन गेहूं, प्रशासन ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

0
3

drnewsindia.com

सीहोर। जिला प्रशासन के निर्देशों के बाद शुक्रवार से जिले भर के 240 उपार्जन केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की औपचारिक शुरुआत हो गई है। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार केंद्रों पर तौल कांटों का विधि-विधान से पूजन कर खरीदी कार्य प्रारंभ किया गया। पहले दिन केंद्रों पर पहुंचे शुरुआती किसानों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

पहले दिन की खरीदी: आंकड़ों की जुबानी

हालांकि पहले दिन केंद्रों पर किसानों की रौनक उम्मीद से कम नजर आई। आंकड़ों के अनुसार:

  • कुल खरीदी: शाम 5 बजे तक जिले के सभी केंद्रों को मिलाकर 2247 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई।
  • किसान संख्या: पहले दिन कुल 535 किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों पर पहुंचे।
  • औसत: प्रति केंद्र औसत महज 2 से 3 किसान ही नजर आए।

जिला उपार्जन प्रभारी आकाश चंदेल ने बताया कि अब तक जिले के 19,339 किसान अपनी फसल बेचने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कर चुके हैं।

किसानों को मिलेगा ₹2625 प्रति क्विंटल का दाम

इस बार शासन ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2625 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। खरीदी का समय सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक तय किया गया है।

महत्वपूर्ण सूचना: किसानों की सुविधा के लिए सप्ताह में केवल 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार) ही खरीदी की जाएगी। शनिवार और रविवार को केंद्र बंद रहेंगे ताकि खरीदे गए माल के उठाव (Logistics) और प्रबंधन का कार्य किया जा सके।

व्यवस्थाओं के दावे और निरीक्षण

प्रशासन ने केंद्रों पर छाया, शुद्ध पेयजल और किसानों के बैठने की माकूल व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। जिले में कुल 1,02,485 किसानों ने पंजीयन कराया है और प्रशासन ने इस साल 7 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य रखा है।

शुक्रवार को छतरपुरा स्थित श्रीराम वेयर हाउस पर खरीदी का शुभारंभ देवी सिंह गौर द्वारा किया गया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि मायाराम गौर, भाजपा जिला मंत्री गिरीष सोलंकी और मंडल अध्यक्ष प्रीतम गौर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासक अनुरूप सिंह ठाकुर और पर्यवेक्षक केसर सिंह चौहान ने भी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


खेती-किसानी और सीहोर जिले की हर बड़ी खबर की सटीक अपडेट के लिए drnewsindia.com के साथ बने रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here