Drnewsindia.com
दोराहा / भारत को खेल और संस्कृति के क्षेत्र में वैश्विक शिखर पर स्थापित करने के उद्देश्य से विश्वगुरु भारत अभियान के तहत जिले के मथुरागढ़ क्षेत्र अंतर्गत सेमरादांगी में आगामी 02 जनवरी 2026 को महाउद्घोष दिवस का विराट आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विशाल श्री हनुमान चालीसा महापाठ का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और युवाओं की सहभागिता रहने की संभावना है।

125 करोड़ हनुमान चालीसा पाठ का महासंकल्प
अभियान के प्रणेता अनिल पुरोहित के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 125 करोड़ विश्वस्तरीय श्री हनुमान चालीसा महापाठ के माध्यम से देश में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना है। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता को और मजबूत करेगा।
खेल और अध्यात्म का अनूठा संगम
कार्यक्रम के प्रथम चरण में भारत को ओलंपिक में विश्व विजेता बनाने के संकल्प के साथ निःशुल्क राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ भी किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि खेल और अध्यात्म के इस अनोखे संगम से युवाओं में अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रभाव का विकास होगा।
हजारों युवाओं के जुटने की संभावना
महाउद्घोष दिवस पर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से हजारों युवा, खिलाड़ी और खेल प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान देश को खेल जगत में अग्रणी बनाने की रणनीति, भावी योजनाएं और आगामी प्रतियोगिताओं की रूपरेखा भी साझा की जाएगी।




