बरखेड़ा हसन (सीहोर जिला) में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर बैठकर जताया विरोध
Drnewsindia.com/ बरखेड़ा हसन जिले के बरखेड़ा हसन में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को खुलकर सामने आया। स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में ग्रामीणों ने दोराहा–भोजापुरा मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया।
सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण बस स्टैंड से लेकर मुख्य मार्ग होते हुए बरखेड़ा हसन के तेराहा तक पैदल रैली निकालते हुए पहुँचे और सड़क पर बैठकर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
ग्रामीण बोले—‘जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आए बिना विरोध खत्म नहीं होगा’
विरोध की सूचना मिलते ही अहमदपुर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुँचा और ग्रामीणों से बात की, लेकिन ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि विद्युत विभाग का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर चर्चा करे।
स्थिति गंभीर होती देख अहमदपुर विद्युत केंद्र के प्रभारी जेई शिवराम मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान का प्रयास किया। पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म किया।
ग्रामीणों ने जेई शिवराम को सौंपा ज्ञापन
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के जेई शिवराम को स्मार्ट मीटर नहीं लगाने की मांग का ज्ञापन सौंपा। चक्का जाम के दौरान लोगों ने विद्युत विभाग और ऊर्जा मंत्री के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया।
स्थानीय नेताओं और सरपंच के प्रति नाराज़गी
इस विरोध में ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद थी, जिनमें दोराहा सरपंच जगदीश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, कई भाजपा नेताओं और सरपंच द्वारा दूरी बनाए रखने पर ग्रामीणों में नाराज़गी भी देखने को मिली।




