10 लाख में सुपारी देकर कराई पति की हत्या:भोपाल में पत्नी ने किराएदार के साथ मिलकर रची साजिश; गमछे से गला घोंटा

0
17

भोपाल / में एक महिला ने 10 लाख में पति की सुपारी देकर उसकी हत्या करा दी। महिला ने अपनी किराएदार और उसके प्रेमी के साथ मिलकर यह साजिश रची। किराएदार ने बुजुर्ग के पैर पकड़े और उसके प्रेमी ने गमछे से गला घोंट दिया। वारदात 18 अप्रैल को पिपलानी की है। जार्ज कुरियन (64) भेल से रिटायर्ड अफसर थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी ने बाथरूम में पांव फिसलकर गिरने की बात कही थी।

शनिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी बिट्‌टी जार्ज (32), किराएदार रेखा सूर्यवंशी और उसके प्रेमी संजय पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी संजय पाठक को रविवार तक की रिमांड पर लिया है। तीनों ने अपने जुर्म को स्वीकार कर लिया है।

अकेले जीना चाहती थी पत्नी

टीआई अनुराग लाल ने बताया कि, जार्ज भेल के रिटायर्ड अधिकारी थे। उनकी पहली पत्नी केरल में रहती हैं। उन्होंने बिट्‌टी से तब शादी की जब वह महज 17 साल की थी। दोनों की नौ साल की बेटी है। बिट्‌टी पूर्व में जार्ज के घर काम करती थी। बिट्‌टी ने पुलिस को बताया कि जार्ज की हत्या के बाद वह अकेले जीना चाहती थी। उसे उम्मीद थी कि पति की मौत के बाद उनका सारा पैसा, पैंशन और मकान उसे मिल जाएगा।

पति छोटी-छोटी बातों पर टोकता था

बुजुर्ग पति छोटी-छोटी बातों पर उसे रोकता-टोकता और डांटता था। यही कारण था कि वह उससे निजात पाना चाहती थी। किराएदार रेखा सूर्यवंशी से पति की नजदीकियां भी उसे परेशान करती थीं। रेखा ने ही पति के चरित्र के संबंध में उसे अहम जानकारी दीं और पति की हत्या कर आराम से जीवन जीने की बात कही।

रेखा ने बनाई थी हत्या की योजना

रेखा के कहने पर जब पति की हत्या कराने के लिए बिट्‌टी राजी हो गई तो रेखा ने प्लान बनाया कि वह अपने प्रेमी संजय की मदद से जार्ज की हत्या करा देगी। इसके एवज में उन्हें 10 लाख रुपए चाहिए होंगे। बिट्‌टी ने शर्त रखी की हत्याकांड के बाद ही उन्हें रकम तब देगी जब पति की पेंशन उसके नाम हो जाएगी। रेखा इसके लिए राजी हो गई और अपने प्रेमी को भी राजी कर लिया।

एडवांस में 50 हजार खाते में कराए ट्रांसफर

पति की हत्या करने के एवज में बिट्टी ने संजय और रेखा को 10 लाख की सुपारी दी थी। हालांकि दोनों ने बतौर एडवांस बिट्‌टी से 50 हजार रुपए लिए। यह रकम महिला ने अपने खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर की थी। बैंक स्टेटमेंट में इस बात की पुष्टि हो चुकी है।

आखिरी सांस तक पति को तड़पते देखा

18 अप्रैल की रात बिट्‌टी ने संजय को अपने घर बुलाया। यहां मौका पाकर उसने जार्ज का गला घोंट दिया। बिट्‌टी ने आखिरी सांस तक पति को तड़पते देखा। मौत को सुनिश्चित करने के लिए उसने पति को हिलाकर चेक किया। जब शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तब उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां से पुलिस को सूचना दी गई।

बॉडी पर मिले स्ट्रगल मार्क

जार्ज ने मौत से पहले बचने के लिए प्रयास किए। 59 वर्षीय संजय ने पूरी ताकत से उसका गला घोंटे रखा। इस दौरान संजय के नाखून जार्ज के गले पर लगे। इससे उनकी गर्दन पर स्ट्रगल मार्क बन गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

चार महीने पहले रहने आई थी किराएदार

रेखा चार महीने पहले ही जार्ज के घर में किराए से रहने आई थी। उसके पति की मौत हो चुकी है। मूल रूप से सीहोर जिले की रहने वाली रेखा की वहां खेती की जमीन है। संजय-रेखा के पति का दोस्त रहा है। वह प्रॉपर्टी की ब्रोकरी भी करता है। रेखा की जमीन बिकवाने को लेकर वह उसके करीब आ गया था।

भोपाल के वन बाइट रेस्टोरेंट में कर्मचारी की हत्या

भोपाल के 11 मील स्थित वन बाइट रेस्टोरेंट में शनिवार रात मामूली कहासुनी के चलते एक कुक ने अपने ही साथी की पलटा मारकर हत्या कर दी। चिकन रोस्ट करने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि उसने हिंसक रूप ले लिया। मृतक की पहचान शब्बीर खान (35) के रूप में हुई है, जो कोहेफिजा इलाके का रहने वाला था। आरोपी का नाम राजा है, जो उसी के साथ किचन में काम करता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here