Drnewsindia.com
इंदौर / राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा रविवार को इंदौर शहर के विभिन्न इलाकों में पथ संचलन का आयोजन किया गया। शहर के भंवरकुआ, चिमनबाग और संगम नगर क्षेत्रों में सुबह करीब 10 बजे से प्रारंभ हुए पथ संचलनों में हजारों स्वयंसेवक शामिल हुए। संचलन मार्गों पर जगह-जगह स्वयंसेवकों का फूलों से स्वागत किया गया।

संघ के अनुसार, इस वर्ष इंदौर के 34 स्थानों से लगभग 2 लाख स्वयंसेवक पथ संचलन में भाग लेंगे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह सरकार्यवाह अरुण कुमार विशेष रूप से शामिल हुए और स्वयंसेवकों को शताब्दी वर्ष का संदेश दिया।

अनुशासन और परंपरा की झलक
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक संघ के पारंपरिक गणवेश में अनुशासनपूर्वक कतारबद्ध होकर चले। सबसे आगे घोष दल के स्वयंसेवक, उसके बाद संघ की शाखाओं के सदस्य चले। पथ संचलन मार्ग को भगवा ध्वजों और पताकाओं से सजाया गया था।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन और संघ कार्यकर्ताओं ने विशेष योजना बनाई, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
वरिष्ठ स्वयंसेवकों का उत्साह
70 से 80 वर्ष की आयु वाले वरिष्ठ स्वयंसेवक जो लंबी दूरी तय नहीं कर सके, उन्होंने अपने घरों की छतों और मंचों से पथ संचलन का स्वागत किया। वे भी पूर्ण गणवेश में रहे और इस आयोजन का हिस्सा बने।

समाज के सभी वर्गों की भागीदारी
इस बार संघ ने विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों को भी पथ संचलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। व्यापारी, उद्योगपति, समाजसेवी, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और कॉर्पोरेट कर्मचारियों सहित कई पेशेवरों ने भी संघ गणवेश में भाग लिया। पिछले वर्ष लगभग 65 हजार स्वयंसेवक शामिल हुए थे, जबकि इस बार एक लाख नई गणवेशें तैयार की गई हैं।
स्वागत में जुटा शहर
इंदौर शहर के विभिन्न इलाकों में समाज के लोग संघ के स्वागत में सड़कों पर उतरे। महिलाओं ने पुष्पवर्षा और आरती उतारकर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। संघ की इस ऐतिहासिक पहल में जिले के हर घर से एक सदस्य को शामिल करने का आह्वान किया गया है।
शाम को कई स्थानों पर संचलन
पथ संचलन का आयोजन दिनभर अलग-अलग समय पर जारी रहा।
- दोपहर 3 से 3:30 बजे – चंद्रगुप्त नगर (वैभवश्री गार्डन, MR10) और वीर तेजाजी नगर (एनडीपीएस स्कूल)।
- शाम 4 बजे – बद्रीनाथ जिला, वीर सावरकर नगर, बुधवारिया हाट रोड, भामाशाह नगर (आदर्श शिशु विद्यालय मैदान), बिचौली हप्सी रोड, बिजली नगर, छत्रसाल नगर, गुजराती समाज विद्यालय, सत्य सांई चौराहा और बाम्बे अस्पताल क्षेत्र।
- शाम 5:15 बजे – विश्वकर्मा नगर (स्टेडियम ग्राउंड, नंदा नगर जनता क्वार्टर)।
पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति की झलक साफ दिखाई दी। संघ के स्वयंसेवकों का यह ऐतिहासिक पथ संचलन शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।




