Drnewsindia.com/भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने IAS अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। पटवारी ने कहा कि—
“बहुत मेहनत करने के बाद IAS बनता है। कलेक्टरों को सर्विस बुक दी जाती है, उसके नियमों के मुताबिक उन्हें शासन करना चाहिए। लेकिन 70 से 90% IAS जिले में जाकर बीजेपी का बाजा बजाते हैं और विपक्ष पर अत्याचार करते हैं। जो IAS चड्डी पहनकर घूम रहे हैं, वे अपनी चड्डी का बटन लगा लें… समय एक जैसा नहीं होता।”
‘कलेक्टर की कुर्सी जनता की होती है, किसी पार्टी की नहीं’ — जीतू पटवारी
जीतू पटवारी ने आगे कहा कि,
“कॉन्फ्रेंस में सबसे पहले इस बात पर चर्चा होनी चाहिए कि कलेक्टर की कुर्सी किसी पार्टी या विचारधारा की नहीं, बल्कि जनता की होती है। मैं सभी IAS अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे सर्विस बुक के नियमों के अनुसार चलें, क्योंकि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता।”
पटवारी के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
BJP का पलटवार: ‘बहुत निम्न स्तर का बयान, यह बूथ अध्यक्ष जैसी भाषा है’
पटवारी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रिएक्शन दिया है। भाजपा प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने कहा—
“जीतू पटवारी ने बहुत निम्न स्तर का बयान दिया है। ऐसा लग रहा है जैसे कोई बूथ अध्यक्ष बोल रहा हो। प्रदेश अध्यक्ष पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। IAS अधिकारियों के लिए अश्लील शब्दों का प्रयोग कार्यपालिका का अपमान है। इससे देश को चलाने वाली संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान कम नहीं, बल्कि जीतू पटवारी का ही सम्मान घटा है।”
‘घटिया मानसिकता का परिचय’ — BJP
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि,
“इस तरह की अशोभनीय भाषा यह दर्शाती है कि जीतू पटवारी अपनी घटिया मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। IAS अधिकारियों का अपमान करके वह सिर्फ अपनी राजनीतिक साख को नुकसान पहुंचा रहे हैं।”