पूर्व BJP जिलाध्यक्ष पर दुष्कर्म का केस दर्ज, पार्टी पहले ही कर चुकी निष्कासित

0
26

पति को नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से रेप का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

Drnewsindia.com /सतना।
मध्य प्रदेश के सतना जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने रविवार देर रात एफआईआर दर्ज की। पुलिस अब सतीश शर्मा की गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है।

दरअसल, अप्रैल 2025 में पीड़िता ने कोलगवां थाने में शिकायत दी थी कि भाजपा नेता सतीश शर्मा ने उसके पति को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2023 में उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के बावजूद पुलिस ने लंबे समय तक कार्रवाई नहीं की।


वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुई एफआईआर

तीन दिन पहले पीड़िता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए चेतावनी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह खुदकुशी कर लेगी।
वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद रविवार रात मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, जांच की जिम्मेदारी महिला अधिकारी को सौंपी गई है।


भाजपा ने अप्रैल में किया था निष्कासित

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अप्रैल 2025 में एक कथित चैट और महिला द्वारा लगाए गए शोषण के आरोपों के बाद भाजपा ने सतीश शर्मा को जिला अध्यक्ष पद से हटाकर पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई थी।
पीड़िता का आरोप है कि शर्मा पिछले चार साल से उसे धमकाकर चुप रहने के लिए मजबूर करते आ रहे थे।


पूर्व जिलाध्यक्ष ने दी थी सफाई

अप्रैल में लगे आरोपों के बाद सतीश शर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि 2023 में पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनकी महिला से मुलाकात हुई थी।
महिला ने ऑपरेशन के लिए आर्थिक मदद मांगी थी, जिसके लिए उन्होंने अपने एक मित्र से 25 हजार रुपए दिलाए थे।
शर्मा का दावा था कि पैसे वापस मांगने पर महिला ने फंसाने की धमकी दी थी।


पुलिस का कहना

सतना पुलिस ने कहा है कि महिला की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और आगे की जांच महिला अधिकारी कर रही हैं।
पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई करेगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here