एमपी में कांग्रेस को मजबूत करने की तैयारी: दिग्विजय सिंह ने पदयात्रा का दिया प्रस्ताव, भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर बनेगा खाका

0
54

drnewsindia.com/भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस को दोबारा मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को भोपाल में जिला प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पार्टी के लिए बड़ा प्रस्ताव रखा। उन्होंने सुझाव दिया कि भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी पदयात्रा निकाली जाए, ताकि जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जा सके और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा सके।

बैठक में दिग्विजय सिंह के इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए फैसला किया गया कि वे इस पदयात्रा की रूपरेखा और रणनीति तैयार करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, दिग्विजय सिंह ने बैठक में कहा कि कांग्रेस को जनता तक पहुंचने के लिए एक बार फिर सड़क पर उतरना होगा, जिससे आम लोगों की तकलीफें सीधे सुनी जा सकें और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जा सके।

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा का ब्लूप्रिंट भी दिग्विजय सिंह ने ही तैयार किया था, जिसने राहुल गांधी की अगुवाई में कन्याकुमारी से कश्मीर तक देशभर में राजनीतिक माहौल बदला था। उस यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने एक दर्जन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में जनसभाएं और प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीं।

कांग्रेस को उम्मीद है कि इस नई पदयात्रा अभियान के जरिए मध्यप्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनता के बीच उसकी पकड़ और मजबूत होगी। पार्टी इस अभियान को लेकर आने वाले दिनों में औपचारिक ऐलान कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here