देवपुरा में लगा ऐतिहासिक बारह खंभा मेला, हजारों श्रद्धालुओं ने पशुधन के लिए की पूजा-अर्चना इछावर (सीहोर)

0
55

सीहोर / जिले की इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा में आज पारंपरिक बारह खंभा मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। इस प्राचीन मेले में हजारों श्रद्धालु अपने पशुधन के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए विशेष पूजा-अर्चना करते हुए नजर आए।

यह मेला अपनी अनूठी परंपरा और पशुओं के कल्याण के लिए प्रसिद्ध है। श्रद्धालु अपने ईष्ट देव की देवशिला का दूध से अभिषेक करते हैं। सुबह से शाम तक हजारों लीटर दूध इस पवित्र शिला पर चढ़ाया गया।

देवशिला को स्थानीय लोग “बारह खंभा वाले देव महाराज” के नाम से पूजते हैं। यह स्थल इछावर से लगभग 15 किलोमीटर दूर देवपुरा गांव में स्थित है।

मान्यता है कि जो भी व्यक्ति यहां अपने दुधारू पशुओं का दूध चढ़ाता है, उसके पशु पूरे वर्ष रोगमुक्त और समृद्ध रहते हैं। इस आस्था के चलते दूर-दराज़ के गांवों और जिलों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं।

मेला समिति के अनुसार इस वर्ष करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मेले में हिस्सा लिया। दुकानों, झूलों और भंडारों से पूरा क्षेत्र आस्था और उत्सव के रंगों से सराबोर रहा।

बारह खंभा मेला सदियों पुरानी परंपरा है, जो आज भी मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है। यहां की श्रद्धा, परंपरा और सामूहिक आस्था इस मेले को विशेष बनाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here