Drnewsindia
भोपाल सृजन टीम द्वारा सीहोर पुलिस के तत्वावधान में संचालित 15 दिवसीय “सृजन अभियान” का निरीक्षण किया गया। यह अभियान ग्राम खंडवा स्थित आहुति शिक्षा एवं मानव अधिकार सेवा फाउंडेशन के निःशुल्क शिक्षा केंद्र में संचालित किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे इस अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को आत्मविश्वास, जीवन कौशल एवं नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना है। विशेष रूप से ऐसे युवाओं को इस पहल से जोड़ा जा रहा है, जो घरेलू हिंसा, सड़क आधारित शोषण एवं अन्य सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
तृतीय दिवस : आत्मरक्षा प्रशिक्षण
अभियान के तृतीय दिवस पर भोपाल सृजन टीम से सूबेदार ऋतुराज एवं कांस्टेबल गोविंद पाल ने शिक्षा केंद्र का भ्रमण कर सीहोर सृजन टीम के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित किया और उन्हें आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देते हुए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया।
चतुर्थ दिवस : साइबर जागरूकता सत्र
चतुर्थ दिवस पर साइबर सेल प्रभारी श्री सुशील साल्वे द्वारा बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। सत्र में सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन प्राइवेसी की सुरक्षा, मोबाइल फोन गुम होने पर सिम तत्काल बंद कराने, डिजिटल अरेस्ट जैसी गंभीर अवधारणाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी समझाया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत फोटो, वीडियो या गोपनीय जानकारी साझा न करें।
यदि किसी भी प्रकार का साइबर अपराध या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है, तो तुरंत निम्न नंबरों पर सूचना देने की अपील की गई:
सायबर सेल सीहोर: 7049128208
राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन: 1930

15 दिनों तक चलेगा अभियान
“सृजन अभियान” युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह कार्यक्रम आगामी 15 दिनों तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किशोर-किशोरियों को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित किया जा सके।




