हंगामे के बाद प्रेमी को बुलवाया, पुलिस और परिजनों के सामने फेरे कराए
देवास। एक ही गोत्र होने के कारण प्रेम विवाह से इनकार किए जाने से नाराज एक नाबालिग लड़की ने जान जोखिम में डालते हुए 50 मीटर ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़कर हंगामा कर दिया। यह मामला सतवास तहसील के धासड़ गांव का है, जहां रविवार को हुई इस घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया।
प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी लड़की के टॉवर पर चढ़ते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोग लड़की को नीचे उतरने के लिए समझाने लगे।
प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही लड़की
ग्रामीणों के मुताबिक, टॉवर पर चढ़ने के बाद लड़की लगातार राहुल नाम के युवक और उसके परिजनों को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी। उसका कहना था कि वह उसी से शादी करेगी, लेकिन परिवार एक ही गोत्र होने का हवाला देकर रिश्ते का विरोध कर रहा है। लड़की ने साफ कहा कि जब तक शादी की बात तय नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगी।
करीब डेढ़ घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। जब कुछ ग्रामीण उसे समझाने के लिए टॉवर पर चढ़ने लगे, तो लड़की ने कूदने की धमकी दे दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
युवक को बुलाया गया, तब मानी लड़की
हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों की पहल पर प्रेमी युवक और उसके परिजनों को मौके पर बुलाया गया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। काफी समझाइश के बाद लड़की टॉवर से सशर्त नीचे उतरने को तैयार हुई, शर्त यह थी कि शादी उसी युवक से कराई जाए।
पुलिस बोली—नाबालिग है लड़की

सतवास थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले ही लड़की सुरक्षित नीचे उतर आई थी। उन्होंने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और लड़की की उम्र 18 वर्ष होने में अभी तीन महीने बाकी हैं। परिजनों और पुलिस ने समझाइश दी कि बालिग होने के बाद विवाह कराया जाएगा, जिस पर वह राजी हुई।
फिलहाल लड़का और लड़की दोनों को रिश्तेदार के यहां भेज दिया गया है, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।




