Drnewsindia.com/सीहोर।
जिले के एक निजी स्कूल पर बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर बच्चों के कपड़े उतरवाकर ठंड में खड़ा किया जाता था। इतना ही नहीं, बच्चों से स्कूल परिसर की सफाई, झाड़ू लगवाने और पेड़-पौधों में पानी डालने जैसे काम भी कराए जाते थे।
मामला जताखेड़ा स्थित सेंट एंजेल स्कूल का बताया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्रिंसिपल और ड्राइवर को हटा दिया है। साथ ही स्कूल पर एक लाख रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया गया है।
बजरंग दल और सामाजिक संगठनों का प्रदर्शन
शुक्रवार को बजरंग दल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता ग्रामीणों और अभिभावकों के साथ स्कूल परिसर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी जांच के लिए स्कूल पहुंचे।
बच्चों से की गई अलग-अलग बातचीत
शिक्षा विभाग की टीम ने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से अलग-अलग बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान बच्चों ने स्कूल में की जा रही कथित प्रताड़ना की पुष्टि की, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने कड़ा कदम उठाया।
प्रिंसिपल और ड्राइवर तत्काल हटाए गए
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की प्रिंसिपल और ड्राइवर को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने के आदेश दिए। साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा गया।
पुलिस को सौंपा गया शिकायती ज्ञापन
मंडी थाना पुलिस को पूरे मामले का शिकायती ज्ञापन दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के भरोसे के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए।
शिक्षा विभाग की सख्त चेतावनी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी तरह की प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




