इंदौर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के चलते नौकरी छूटने के बाद एक युवक अपराध की राह पर चल पड़ा। इंदौर की पॉश कॉलोनी सिलिकॉन सिटी में हुई 15 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने फिल्म ‘बंटी और बबली’ की तर्ज पर वारदात को अंजाम दिया था।
TCS में ग्राफिक डिजाइनर था आरोपी
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्य आरोपी प्रियांशु इंदौर की नामी कंपनी TCS में ग्राफिक डिजाइनर के पद पर कार्यरत था। हाल ही में AI तकनीक के चलते हुई छंटनी में उसकी नौकरी चली गई, जिसके बाद वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
कक्षा 6 से साथ पढ़ रहे थे दोनों
डीसीपी लालचंदानी के अनुसार, आरोपी युवक और युवती कक्षा 6 से एक-दूसरे को जानते थे और लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। पैसों की जरूरत और आसान कमाई के लालच में दोनों ने चोरी की योजना बनाई।
एक हफ्ते तक की रेकी, फिर वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सिलिकॉन सिटी स्थित ‘श्री ज्वेलर्स’ की करीब एक सप्ताह तक रेकी की। इसके बाद सुनियोजित तरीके से दुकान में घुसकर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
सराफा बाजार में बेचने की थी तैयारी
चोरी किए गए जेवरात को आरोपी इंदौर के सराफा बाजार में बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने जब्त किए जेवरात
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया अधिकांश माल बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




