सृजन अभियान के तहत बालक-बालिकाओं को डायल-112 व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
Drnewsindia.com/श्यामपुर | 27 दिसंबर 2025
सीहोर पुलिस द्वारा संचालित सृजन अभियान के अंतर्गत ग्राम खंडवा स्थित आहुति शिक्षा एवं मानव अधिकार सेवा फाउंडेशन के निःशुल्क शिक्षा केंद्र में बालक-बालिकाओं को डायल-112, आपातकालीन सेवाओं एवं आत्मरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
डायल-112 और FRV की कार्यप्रणाली से कराया परिचय
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को डायल-112 पर कॉल करने की प्रक्रिया, प्रथम प्रतिक्रिया वाहन (FRV) की भूमिका एवं इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
आपातकालीन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण
बच्चों को अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स, स्ट्रेचर सहित अन्य आपातकालीन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे संकट की स्थिति में स्वयं एवं दूसरों की सहायता कर सकें।
आत्मरक्षा और थाने की कार्यप्रणाली की जानकारी
थाना श्यामपुर से आरक्षक रामपाल एवं आरक्षक दिनेश ने बच्चों को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया और आत्मरक्षा के विविध उपायों का अभ्यास कराया।
वहीं सूबेदार प्राची राजपूत द्वारा बच्चों को शारीरिक प्रशिक्षण एवं मार्शल आर्ट तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित हो सके।
सृजन अभियान – सशक्तिकरण की दिशा में पहल
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित यह 15 दिवसीय सृजन अभियान किशोर-किशोरियों को आत्मविश्वास, जीवन कौशल एवं नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान विशेष रूप से उन युवाओं पर केंद्रित है जो घरेलू हिंसा, सड़क आधारित शोषण एवं अन्य सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।




