Drnewsindia
सीहोर।शहर में चल रहे परीक्षा सत्र के दौरान छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सीहोर को एक ज्ञापन सौंपकर शहर में “ऑपरेशन मजनू” को तत्काल प्रभाव से शुरू करने की मांग की गई है।
आवेदनकर्ता आशीष गहलोत ने बताया कि वर्तमान में बड़ी संख्या में छात्राएँ सुबह से देर शाम तक कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और कॉलेजों में आना-जाना कर रही हैं। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा छींटाकशी, पीछा करने और मानसिक प्रताड़ना जैसी घटनाएँ सामने आ रही हैं, जिससे छात्राएँ भय और तनाव में रहती हैं। इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर पड़ रहा है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग

बुधवार को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ल को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और कोचिंग जोनों में पुलिस की सघन गश्त बढ़ाई जाए तथा “ऑपरेशन मजनू” को सख्ती के साथ लागू किया जाए।
साथ ही छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112 और 181 की जानकारी देकर त्वरित सहायता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित निगरानी और कार्रवाई की आवश्यकता जताई गई है, जिनमें शामिल हैं—

- गर्ल्स कॉलेज
- महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज
- पीजी कॉलेज
- आदिवासी कन्या छात्रावास
- इंग्लिशपुरा रोड से कोतवाली चौराहा
- उत्कृष्ट स्कूल
- महारानी लक्ष्मीबाई कन्याशाला
हालिया घटना से बढ़ी चिंता
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में जमशेद नगर, सीहोर में छात्राओं के साथ हुई एक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन से त्वरित और ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उठी यह आवाज अब प्रशासन की कार्रवाई की ओर देख रही है।




