Drnewsindia
गुरुग्राम।हरियाणवी म्यूजिक कंपनी जेम ट्यून्स के मालिक और चर्चित बाहुबली राव इंद्रजीत यादव पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई तेज हो गई है। दिसंबर 2025 में ED ने दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक स्थित उनके 10 से अधिक ठिकानों पर दो दिन तक छापेमारी की। एजेंसी के अनुसार कार्रवाई में 5 लग्जरी कारें, 17 लाख रुपये नकद, बैंक लॉकर, अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं। राव इंद्रजीत फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बताए जा रहे हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक राव इंद्रजीत का नाम एल्विश यादव के घर फायरिंग, हरियाणवी सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया पर फायरिंग, उनके करीबी रोहित शौकीन की हत्या, रोहतक में फाइनेंसर मंजीत मर्डर और अवैध फाइनेंस से जुड़े मामलों में सामने आया है। उन पर हरियाणा और यूपी में आर्म्स एक्ट, IPC और BNS की धाराओं में 15 से ज्यादा FIR दर्ज बताई जा रही हैं। पुलिस के अनुसार वह हिमांशु भाऊ गैंग से भी जुड़ा रहा है।
ED की प्रारंभिक जांच में दावा किया गया है कि राव इंद्रजीत बड़े कॉरपोरेट लोन विवादों को जबरन सेटल कराने के बदले सैकड़ों करोड़ रुपये का कमीशन वसूलता था, जिसे लग्जरी गाड़ियों, संपत्तियों और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल पर खर्च किया गया।
हालांकि राव इंद्रजीत यादव ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह एक सफल बिजनेसमैन हैं, अपराधों से कोई लेना-देना नहीं है और कुछ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। उन्होंने फाजिलपुरिया पर फायरिंग में भूमिका से इनकार करते हुए दावा किया कि वह UAE में वैध व्यापार कर रहे हैं और किसी आपराधिक रैकेट का संचालन नहीं कर रहे।
मामले में ED और पुलिस की जांच जारी है।




