बीजेपी सांसद का विवादित बयान: बानमौर की नायब तहसीलदार को बताया ‘ढीठ’, कलेक्टर से की फोन पर शिकायत

0
17

Drnewsindia

मुरैना। श्योपुर-मुरैना लोकसभा सीट से भाजपा सांसद शिवमंगल सिंह तोमर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। बानमौर की नायब तहसीलदार वंदना यादव को लेकर दिए गए उनके बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को बानमौर कस्बे में चल रहे धरना-प्रदर्शन को समाप्त कराने पहुंचे सांसद तोमर ने मंच से ही मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ को फोन लगाया। इस दौरान उन्होंने महिला नायब तहसीलदार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें “ढीठ” कहा।

वीडियो में सांसद कहते सुने जा सकते हैं—
“कल भी नहीं आई वो, आज भी नहीं आई। मैं मुरैना से चलकर आ गया। तहसील तो छोटी जगह है, तहसील में ही बैठती है। ढीठ है वो… लेडीज है तो कुछ कह नहीं सकते।”

क्या है पूरा मामला

मामला बानमौर कस्बे का है, जो नेशनल हाईवे-44 के किनारे स्थित है। हाईवे पार करते समय लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज स्थानीय नागरिक लंबे समय से यहां ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर गुरुवार से स्थानीय लोग धरने पर बैठे थे।

शनिवार को सांसद शिवमंगल सिंह तोमर धरना स्थल पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की कोशिश की। इसी दौरान नायब तहसीलदार वंदना यादव के नहीं पहुंचने पर उन्होंने मंच से कलेक्टर को फोन कर नाराजगी जाहिर की।

आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना

सांसद ने प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया। इस दौरान सांसद ने प्रतीकात्मक रूप से नारियल पानी पिलाकर आंदोलन खत्म करवाया।

नायब तहसीलदार का पक्ष सामने नहीं आया

इस पूरे घटनाक्रम पर नायब तहसीलदार वंदना यादव का पक्ष सामने नहीं आ पाया है। मीडिया द्वारा संपर्क किए जाने पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

अब सांसद के इस बयान को लेकर प्रशासनिक मर्यादा और महिला अधिकारी के सम्मान से जुड़ा सवाल खड़ा हो गया है, जिस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आने की संभावना जताई जा रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here