RSS कार्यालय पहुंचे इंदौर कलेक्टर, जीतू पटवारी का हमला— बोले, अधिकारी नहीं BJP कार्यकर्ता की तरह कर रहे काम

0
14

Drnewsindia/इंदौर। इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्थानीय कार्यालय पहुंचने को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखा हमला बोलते हुए कलेक्टर की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं।जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ बुधवार रात पंत वैद्य कॉलोनी स्थित RSS के ‘सुदर्शन’ कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी का इस तरह संघ कार्यालय जाना संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

पटवारी ने कहा, “कलेक्टर को अपने दफ्तर में बैठकर जनता के मुद्दों पर काम करना चाहिए। उन्हें चीफ सेक्रेटरी, मंत्रियों और विभागीय अधिकारियों से समन्वय करना चाहिए, न कि किसी विचारधारा विशेष के कार्यालय में जाकर गतिविधियों में शामिल होना चाहिए।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कलेक्टर शिवम वर्मा एक निष्पक्ष प्रशासनिक अधिकारी की बजाय BJP कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हाल ही में हुई जल त्रासदी जैसे गंभीर मामलों पर प्रशासन को पूरी गंभीरता से काम करना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय राजनीतिक गतिविधियों में समय दिया जा रहा है।

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार से जवाब की मांग की है और कहा है कि यदि प्रशासनिक अधिकारियों की निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे, तो जनता का भरोसा व्यवस्था से उठ जाएगा।

वहीं, इस पूरे विवाद पर अब तक जिला प्रशासन या कलेक्टर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक हलकों में यह मुद्दा लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here