Drnewsindia
उदयपुरा (रायसेन): मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के उदयपुरा में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों के साथ 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला आर्थिक तंगी और घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने की धमकी दे रही थी।
मुख्य बिंदु
- पहचान: महिला की पहचान पूजा धाकड़ के रूप में हुई है।
- कारण: पति द्वारा खर्च न देना और ससुर का अपमानजनक व्यवहार।
- रेस्क्यू: पुलिस ने महिला को बातों में उलझाया और पीछे से पकड़कर सुरक्षित नीचे उतारा।
हाई वोल्टेज ड्रामा और रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार दिनेश बरगले और थाना प्रभारी जयवंत सिंह काकोड़िया दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर टंकी के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया। महिला लगातार नीचे कूदने की धमकी दे रही थी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें अटकी रहीं।
करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम में थाना प्रभारी महिला को बातचीत में उलझाए रहे, तभी एसआई केशव शर्मा ने फुर्ती दिखाते हुए पीछे से महिला को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद महिला और उसके तीनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
दूसरी बार की ऐसी कोशिश
हैरानी की बात यह है कि पूजा धाकड़ ने पहले भी ऐसा कदम उठाया था।
“24 दिसंबर को भी महिला इसी तरह पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। तब भी पुलिस और प्रशासन ने उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा था।”
प्रशासन की कार्रवाई
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने महिला के ससुर को मौके पर बुलाया। ससुर ने अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद अधिकारियों ने उन्हें कड़ी समझाइश दी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पारिवारिक विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाया जाएगा और महिला व बच्चों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।




