Drnewsindia
सोलन (हिमाचल प्रदेश)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में रविवार आधी रात भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 साल के एक बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो परिवारों के करीब 9 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मलबे से क्षत-विक्षत हालत में शरीर के अंग भी मिल रहे हैं, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि लापता लोगों में 5 बच्चे, 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। प्रशासन की ओर से सुबह से ही सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाया जा रहा है, ताकि दबे हुए लोगों का पता लगाया जा सके।
SDRF और दमकल विभाग जुटा राहत कार्य में
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अब तक दो शवों के कुछ बॉडी पार्ट्स बरामद किए गए हैं। सुबह जिस बच्चे का शव मिला, उसकी पहचान प्रियांश (पुत्र राकेश), निवासी बिहार के रूप में हुई है।

कैसे लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग रविवार रात करीब ढाई बजे अर्की बाजार के एक दो मंजिला रिहायशी मकान से शुरू हुई। नीचे दुकानें थीं और ऊपर नेपाल व बिहार के 9 परिवार रहते थे। आग लगते ही 7 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 2 परिवार अंदर फंस गए।
कुछ ही देर में आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैल गई। इस दौरान कई एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे आग और भड़क उठी। धमाकों की आवाज से पूरे बाजार में दहशत फैल गई।
शिमला के बालूगंज, दाड़लाघाट (अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री) और बनलगी से दमकल की टीमें पहुंचीं और करीब सुबह 7 बजे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक 8 से 10 मकान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
विधायक और प्रशासन मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।

विधायक अवस्थी ने कहा कि प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत दे दी गई है। मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है।
बाजार में शोक और दहशत
इस हादसे के बाद अर्की बाजार और आसपास के इलाकों में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए तुरंत मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
सीएम और नेताओं ने जताया दुख
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक जताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवारों को संबल देने की प्रार्थना की। साथ ही प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप और अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम ने भी इस अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है।





