सीहोर। शहर के प्रसिद्ध करोली वाली माता मंदिर गंज में ऐतिहासिक सहस्त्र चंडी महायज्ञ का शुभारंभ रविवार को आस्था और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस मौके पर दोपहर में गंज स्थित राठौर धर्मशाला से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु, खासकर महिलाएं, अपने सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल छा गया, और यह यात्रा धार्मिक आस्था का प्रतीक बन गई, जिससे सड़कें भक्तों से भर गईं और जयकारों से गूंज उठीं, जो सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना का प्रतीक है। कलश यात्रा शहर के माता मंदिर पर पहुंची इस कार्यक्रम के अध्यक्ष विवेक राठौर, मुख्य यजमान सूत्रधार तरुण राठौर सहित अन्य ने यज्ञाचार्य पंडित महादेव शर्मा के सानिध्य में करीब 108 से अधिक विप्रजनों के मार्गदर्शन में धार्मिक अनुष्ठान किए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए महायज्ञ के मीडिया प्रभारी प्रदीप समाधिया ने बताया कि रविवार से आयोजित सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर संयुक्त मां कालका उत्सव समिति और शहरवासियों के तत्वाधान में किया जा रहा है। यहां पर लगातार नौ दिनों तक नगर भोज का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन हवन पूजन के पश्चात शाम को सभी क्षेत्रवासी और यजमान सहित क्षेत्रवासी एक साथ भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे। वहीं सोमवार को सुबह सात बजे से महायज्ञ के दौरान अग्रि स्थापन नित्य हवन पूजन का क्रम आरंभ होगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से ऐतिहासिक आयोजन में भगवती, प्रारम्बा, जगदम्बा की प्रसन्नता के लिए दुर्गा सप्तशती के पाठ एवं हवन इत्यादि में शामिल होने की अपील की है।

आस्था और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा
सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन लोगों के जीवन से परेशानियों को दूर करने
यज्ञाचार्य पंडित महादेव शर्मा ने बताया कि सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन लोगों के जीवन से परेशानियों को दूर करने और शांति व समृद्धि की प्राप्ति के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा, यह यज्ञ किसी व्यक्ति या उसके परिवार की इच्छाओं की पूर्ति के लिए अत्यंत प्रभावी है और इससे जीवन की सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं।




