Drnewsindia
अहमदपुर। कस्बा देवीपुरा में आज विशाल हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में हिन्दू समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रांतिकारी राष्ट्र संत डॉ. तरुण बापू जी (सारंगपुर वाले) रहे। मंच पर क्षेत्रीय धर्मगुरु, संत, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से गौ माता, श्रीराम एवं भारत माता के चित्रों के पूजन तथा तुलसी के पौधे के पूजन के साथ किया गया। इससे पहले बरखेड़ा रोड से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो प्रमुख बाजार, भीलाखीड़ी जोड़ होते हुए कृषि उप मंडी परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे कस्बे में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
यह सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने हिन्दू समाज की एकता, संस्कृति और राष्ट्रहित पर अपने विचार रखे।
मुख्य वक्ता क्रांतिकारी डॉ. तरुण मुरारी बापू ने अपने उद्बोधन में समस्त हिन्दू समाज को एकजुट होने का आह्वान किया और समाज को जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने परिवार, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने माता शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि माता-पिता अपनी बेटियों के मोबाइल उपयोग पर भी ध्यान रखें।
उन्होंने पंचतत्व, हिन्दू संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, नदियों एवं गौ माता की रक्षा को समाज का मूल दायित्व बताया। साथ ही आरएसएस के 100 वर्षों की यात्रा और उसके स्थापना उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन जिला कृषक कार्य प्रमुख राजेश विश्वकर्मा ने किया। सम्मेलन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया तथा समरसता भोज का आयोजन भी किया गया।




