श्री मेढ़े वाली माता मंदिर पर विशाल हिंदू सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न

0
8

Drnewsindia


विदिशा/लटेरी। श्री मेढ़े वाली माता मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सम्मेलन में श्री गंज हनुमान मंदिर के महंत श्री महेश्वर दास जी त्यागी बाबा, श्री रविन्द्र जी आचार्य, महंत श्री बालकदास जी महाराज, श्री सत्यनारायण दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके आशीर्वचनों से जनसमुदाय भावविभोर हो उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह श्री गुलाब सिंह जी कुशवाह ने सकल हिंदू समाज की एकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने समाज में “पंच परिवर्तन” की आवश्यकता को सरल और प्रेरक शब्दों में समझाते हुए कहा कि—
सामाजिक समरसता, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य और पारिवारिक मूल्यों को अपनाकर ही एक सशक्त और संस्कारित हिंदू समाज का निर्माण किया जा सकता है।

इस विशाल सम्मेलन में ग्राम ढाडोन, पिपरिया, महुआखेड़ा, आमखेड़ा सुखा, पलालकपुर, नानकपुर, सराय, टोपली, रमपुरा, बांसखेड़ी सहित अनेक गांवों से सैकड़ों की संख्या में भजन मंडलियां और चुनरी यात्रा के साथ हिंदू समाजजन उत्साहपूर्वक पहुंचे। भजनों, कीर्तन और जयघोषों से पूरा वातावरण धर्ममय और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने—
“जात–पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई–भाई”
के गगनभेदी उद्घोष के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और अखंडता का संकल्प लिया।

इस भव्य हिंदू सम्मेलन ने पूरे क्षेत्र में धर्म, संस्कृति और एकता का संदेश फैलाया और लोगों के मन में सामाजिक समरसता की भावना को और मजबूत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here