राजगढ़ के युवक की शिवपुरी में हत्या, जंगल में दफनाया गया शव

0
13

प्रेम-प्रसंग में रची गई साजिश, 12 दिन बाद खुली मर्डर मिस्ट्री

drnewsindia/राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र से 8 जनवरी को लापता हुए 26 वर्षीय युवक जीवन जाटव की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि यह हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते साजिश के तहत की गई थी। आरोपियों ने युवक की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जंगल में दफना दिया।

पुलिस ने कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर 12 दिन बाद इस मामले की गुत्थी सुलझाई। फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य की तलाश जारी है।

टाइल्स लगाने का काम करता था युवक

पुलिस के अनुसार जीवन जाटव मूल रूप से तलेन थाना क्षेत्र के बमौरी गांव का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी के साथ खिलचीपुर क्षेत्र में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था।

करीब सात महीने पहले मजदूरी के दौरान उसकी पहचान शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र के नारही गांव निवासी छोटू ठाकुर से हुई। दोस्ती बढ़ने के साथ छोटू का जीवन के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान छोटू और जीवन की पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं, जो आगे चलकर अवैध संबंधों में बदल गईं। यही संबंध इस हत्या की मुख्य वजह बने।

8 जनवरी को हुआ था लापता

8 जनवरी को जीवन अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 10 जनवरी को खिलचीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने पर जीवन की आखिरी लोकेशन दतिया जिले के पनुआ गांव क्षेत्र में मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम वहां पहुंची और संदेह के आधार पर अजय जाटव को हिरासत में लिया।

पूछताछ में खुला राज

पूछताछ में अजय ने बताया कि छोटू ठाकुर उसका मुंहबोला भांजा है और उसका साथी छोटू जाटव भी इस साजिश में शामिल था। उसने बताया कि 8 जनवरी को योजना के तहत छोटू ठाकुर ने जीवन को पनुआ गांव बुलाया। इसके बाद तीनों उसे शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम तलवेंऊ के पास खाती बाबा मंदिर की पहाड़ी के जंगल में ले गए।

वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव को जंगल में बने गड्ढे में छिपा दिया गया, ताकि पहचान न हो सके।

शव बरामद, जांच जारी

अजय जाटव की निशानदेही पर खिलचीपुर और दिनारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल से शव बरामद किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को राजगढ़ लाया गया।

खिलचीपुर थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी छोटू ठाकुर सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here