टेस्ट में दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरा तो नया बल्लेबाज आएगा, लेमिनेटेड बैट को मंजूरी**
Drnewsindia.com /नई दिल्ली। क्रिकेट के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने खेल के 73 नियमों में संशोधन किया है, जो 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। यह 2022 के बाद नियमों में अब तक का सबसे बड़ा अपडेट माना जा रहा है। नए बदलाव टेस्ट क्रिकेट, डेड बॉल, ओवरथ्रो, हिट विकेट, विकेटकीपर की पोजीशन और बैट-बॉल के मानकों से जुड़े हैं। इसके अलावा लेमिनेटेड बैट को भी सशर्त मंजूरी दी गई है।
टेस्ट में दिन के आखिरी ओवर का नियम बदला
MCC के अनुसार, अब टेस्ट मैच में दिन का आखिरी ओवर हर हाल में पूरा कराया जाएगा, चाहे उस ओवर में विकेट क्यों न गिर जाए। पहले नियम के तहत अगर अंतिम ओवर में विकेट गिरता था, तो नया बल्लेबाज मैदान में आए बिना ही दिन की समाप्ति हो जाती थी।
MCC ने कहा कि इससे खेल का रोमांच कम होता है और समय की बचत भी नहीं होती, क्योंकि बची हुई गेंदें अगले दिन खेली ही जाती हैं। नए नियम के तहत अब विकेट गिरने पर नया बल्लेबाज आएगा और पूरा ओवर खेला जाएगा।
ओवरथ्रो और ‘डेड बॉल’ की नई परिभाषा
ओवरथ्रो और मिसफील्ड के बीच का अंतर स्पष्ट किया गया है।
- अगर फील्डर विकेट पर थ्रो करता है और गेंद आगे निकल जाती है, तभी उसे ओवरथ्रो माना जाएगा।
- बाउंड्री पर गेंद रोकते समय हाथ से फिसलने को मिसफील्ड कहा जाएगा, ओवरथ्रो नहीं।
अब ‘डेड बॉल’ घोषित करने के लिए यह जरूरी नहीं होगा कि गेंद विकेटकीपर या गेंदबाज के हाथ में हो। अगर गेंद मैदान पर रुक गई हो या किसी फील्डर के पास हो और अंपायर को लगे कि अब रन संभव नहीं है, तो वह गेंद को डेड बॉल घोषित कर सकता है। इससे अंपायरों को अधिक निर्णय-स्वतंत्रता मिलेगी।
लेमिनेटेड बैट को सशर्त मंजूरी
MCC ने लेमिनेटेड (टाइप-डी) बैट को क्लब स्तर के क्रिकेट में मंजूरी दे दी है। ये बैट लकड़ी के दो या तीन टुकड़ों को जोड़कर बनाए जाते हैं और पारंपरिक सिंगल-पीस बैट से सस्ते होते हैं। हालांकि, इनका इस्तेमाल फिलहाल ओपन एज क्लब क्रिकेट तक ही सीमित रहेगा।
हिट विकेट नियम और स्पष्ट
हिट विकेट से जुड़े नियमों में मौजूद भ्रम को दूर किया गया है—
- अगर बल्लेबाज शॉट खेलने के बाद संतुलन खोकर खुद स्टंप्स पर गिर जाता है, तो वह हिट विकेट आउट होगा, भले ही गेंद दूर चली गई हो।
- फील्डर से टकराने के कारण स्टंप्स गिरने पर बल्लेबाज आउट नहीं माना जाएगा।
- अगर बल्लेबाज के हाथ से छूटा बल्ला सीधे स्टंप्स पर लगे, तो वह आउट होगा, लेकिन अगर बल्ला पहले किसी फील्डर या विकेटकीपर को छू ले, तो बल्लेबाज नॉट आउट रहेगा।
बॉल और बैट के लिए नए मानक
MCC ने महिला और जूनियर क्रिकेट के लिए गेंदों को तीन साइज में बांटा है—
- साइज-1: पुरुष क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली मौजूदा गेंद
- साइज-2: महिला और जूनियर खिलाड़ियों के लिए हल्की गेंद
- साइज-3: कम उम्र के बच्चों के लिए सबसे हल्की और छोटी गेंद
MCC ने स्पष्ट किया कि तीनों साइज में गुणवत्ता, सुरक्षा और मजबूती के मानक समान रहेंगे।




