Drnewsindia/
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक महिला ने तलाक केस के बहाने एक वकील से संपर्क किया और धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर उसे हनी ट्रैप में फंसा लिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए इंदौर से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने पहले खुद को कानूनी सहायता की जरूरत बताकर वकील से संपर्क किया। इसके बाद मुलाकातों और लगातार बातचीत के जरिए उसने विश्वास जीता। कुछ समय बाद महिला और उसके साथियों ने वकील पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि महिला ने झूठे वीडियो बनाने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बड़ी रकम की मांग की।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि पीड़ित वकील से ब्लैकमेल कर मोटी रकम ऐंठने की कोशिश की गई थी। महिला ने तलाक केस का बहाना बनाकर वकील से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर ब्लैकमेलिंग की साजिश रची।
पीड़ित की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इससे पहले भी इसी तरह की वारदातें की गई हैं।
फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क को उजागर करने की तैयारी कर रही है।




