शक्कर जहर है, धीरे-धीरे मारती है…” विधायक को ‘डॉक्टर’ बनकर समझाते दिखे ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीडियो हुआ वायरल

0
7

Drnewsindia/अशोकनगर। केंद्रीय संचार मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक विधायक को शक्कर से दूर रहने की सलाह देते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उनके अशोकनगर दौरे का बताया जा रहा है, जहां वे जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से बेहद आत्मीय अंदाज में बातचीत कर रहे थे।

दरअसल, बातचीत के दौरान सिंधिया ने विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी से मजाकिया लहजे में पूछा, “आपको शुगर (डायबिटीज) तो नहीं है?” इस पर विधायक ने तुरंत जवाब दिया, “हां है, लेकिन कंट्रोल में है।” इसके बाद सिंधिया ने ‘डॉक्टर’ की भूमिका में आते हुए उन्हें सख्त सलाह दे डाली।

सिंधिया ने कहा, “रिफाइंड शक्कर बिल्कुल जहर है, ये धीरे-धीरे मारती है। अगर मिठास चाहिए तो फल खाइए, प्राकृतिक मिठास लीजिए, लेकिन सफेद शक्कर से पूरी तरह दूरी बनाइए।” उन्होंने यह भी कहा कि डायबिटीज जैसी बीमारियों में खान-पान को लेकर लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

इस बातचीत के दौरान मौजूद लोग ठहाके लगाते नजर आए और माहौल काफी हल्का-फुल्का रहा। सिंधिया का यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है, जिसके चलते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। समर्थक उनके सरल स्वभाव और स्वास्थ्य को लेकर जागरूक करने वाले संदेश की तारीफ कर रहे हैं।

फिलहाल यह वीडियो राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here