प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने की कुबेरेश्वर धाम पर रूद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा

0
9

drnewsindia.com

      कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले रूद्राक्ष महोत्सव एवं शिवमहापुराण कथा के दृष्टिगत पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने समीक्षा बैठक आयोजित कर आयोजन की सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कथा में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था, असुविधा अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य सुनिश्चित करे। प्रशासन, कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा तथा कुबेरेश्वर धाम समिति द्वारा प्रभारी मंत्री को आयोजन के लिए की गई तैयारियों के बारे में अवगत कराया गया।

      बैठक में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या न बने। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन, अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारण, ऑटो स्टैंड व्यवस्था, स्टैंड तक सुगम ढलान निर्माण तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। हाईवे एवं मुख्य मार्गों पर प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू किया जाए तथा पर्याप्त संकेतक, फ्लेक्स व सूचना बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने अनाउंसमेंट सिस्टम सतत संचालित रखने तथा फायर ब्रिगेड, अग्निशमन उपकरण व आपातकालीन व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

      पेयजल, स्वच्छता एवं विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा में उन्होंने पर्याप्त स्वच्छ पेयजल, प्याऊ, टोंटीयुक्त नल कनेक्शन, जल टैंकर, अस्थायी व चलित शौचालय तथा नियमित सफाई हेतु शिफ्टवार ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा। सभी विद्युत कनेक्शन सुरक्षित हों, नो-मेन जोन का पालन किया जाए। उन्होंने नेटवर्क व्यवस्था, संचार प्रणाली एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम प्रसारण व सूचना संप्रेषण सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही रुद्राक्ष वितरण पूर्णतः बंद रहने संबंधी स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने को कहा गया।

      बैठक में भोजनशाला, कथा पंडाल, प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, कंट्रोल रूम एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने पूर्णतः क्रियाशील कंट्रोल रूम, पर्याप्त एम्बुलेंस, प्रशिक्षित चिकित्सकीय स्टाफ, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मिनी आईसीयू स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को नियमित प्रगति समीक्षा कर सभी व्यवस्थाएं पूर्णतः दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण प्राप्त हो सके। बैठक में आरएसएस प्रमुख हेमंत सेठिया, विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने आवश्यक सुझाव भी दिए। इस दौरान कलेक्टर बालगुरू के., एसपी दीपक कुमार शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, एसडीएम तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर प्रेमसिंह गौड़, समीर शुक्ला, पंकज गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here