कोरबा | जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के ग्राम पड़निया में रविवार शाम एक खड़ी बाइक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय बाइक का चालक मनीराम यादव शराब के नशे में वाहन के पास ही सो रहा था। समय रहते राहगीरों ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मनीराम यादव सर्वमंगला से अपने गृह ग्राम पड़निया जा रहा था। नशे की हालत में उसने सड़क किनारे बाइक खड़ी कर दी और वहीं सो गया। इसी दौरान बाइक में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

कुछ ही देर में आग ने तेज रूप ले लिया और पेट्रोल टंकी फटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की नजर जलती हुई बाइक और उसके पास सो रहे चालक पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मनीराम यादव को वहां से दूर हटाया। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर चालक के परिजनों को बुलाया गया और नशे में बेसुध मनीराम यादव को घर पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते उसे नहीं हटाया जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान किसी ने भी दमकल विभाग को सूचना नहीं दी, जिससे बाइक पूरी तरह जलती रही। वहीं कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि चालक के नशे में होने का फायदा उठाकर किसी असामाजिक तत्व ने आग लगाई हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




