drnewsindia.com
आष्टा (सीहोर) | मध्यप्रदेश में अपराधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत आज आष्टा के धरमपुरी में बड़ी कार्रवाई की गई। दो मासूम भाई-बहन की नृशंस हत्या के आरोपी हरिसिंह मालवीय के अवैध निर्माणों को प्रशासन ने जमींदोज कर दिया। वन विभाग ने पुलिस बल की मौजूदगी में लगभग 3.67 हेक्टेयर (करीब 9 एकड़) बेशकीमती वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।
भारी पुलिस बल के बीच हुई कार्रवाई
बुधवार सुबह वन मंडलाधिकारी (DFO) अर्चना पटेल के निर्देशन में रेंजर नवनीत झा की टीम धरमपुरी बीट के कक्ष क्रमांक 145 पहुंची। किसी भी संभावित विरोध या हंगामे को देखते हुए सिद्धिगंज थाने का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। टीम ने बुलडोजर की मदद से आरोपी द्वारा वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
विधायक के कड़े तेवर: “अपराधी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा”
इस बड़ी कार्रवाई के पीछे स्थानीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के कड़े निर्देश भी शामिल रहे। विधायक ने हाल ही में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया था और प्रशासन को सख्त एक्शन लेने को कहा था।

- TI को हटाने की मांग: विधायक ने सीहोर एसपी को पत्र लिखकर सिद्दीकगंज टीआई को हटाने की मांग भी की है। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि मासूमों के हत्यारों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जो मिसाल बनेगी।
प्रशासनिक टीम की मुस्तैदी
उपवनमंडल अधिकारी राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में चली इस मुहिम में वन विभाग के परिक्षेत्र सहायक, वनरक्षक और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे। बिना किसी रुकावट के पूरी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर वन विभाग ने वापस अपने कब्जे में ले लिया है।




