सीहोर: “संवेदना” शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 750 से अधिक नागरिक सरकारी योजनाओं से हुए लाभान्वित

0
3

drnewsindia.com

सीहोर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) में वृहद मेगा लीगल आउटरीच एवं जागरूकता शिविर “संवेदना” का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर की मुख्य थीम ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं दिव्यांगजनों के अधिकार’ रखी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री बालागुरू के. और एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

मेगा शिविर में जिले के सभी प्रमुख विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ 750 से अधिक नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश ने स्टॉल्स का निरीक्षण कर हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, टीएलएम किट और ब्रेल किट जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए।

शिविर के दौरान आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। खास बात यह रही कि प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अग्रवाल एवं न्यायाधीश श्री दीपेन्द्र मालू ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरित किया। इसके साथ ही:

  • 350 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
  • 51 लोगों की बीपी, शुगर और टीबी स्क्रीनिंग की गई।

प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अग्रवाल ने कहा कि हमें समाज के हर जरूरतमंद और दिव्यांगजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने बताया कि “संवेदना” नाम रखने का उद्देश्य आमजन के मध्य संवेदनशीलता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में NIMHR के विद्यार्थियों द्वारा अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति भी दी गई।

शिविर के शुभारंभ पर अतिथियों ने हस्ताक्षर पट्टिका पर हस्ताक्षर किए और पंच ‘ज’ योजना के अंतर्गत परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मेगा शिविर में जनपद पंचायत, नगर पालिका, स्वास्थ्य, आयुष, महिला एवं बाल विकास सहित कई विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here