drnewsindia.com
सीहोर। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार शाम को जिला मुख्यालय पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से ‘महंगाई की शव यात्रा’ निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
बिजली और गैस संकट से जनता बेहाल
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि अपरिपक्व नीतियों के कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर सरकार को घेरा:
- बिजली दरों में वृद्धि: 1 अप्रैल से बिजली के दामों में होने वाली बढ़ोत्तरी आम आदमी की कमर तोड़ देगी।
- रसोई गैस की किल्लत: गैस सिलेंडरों की भारी कमी के कारण घरों का बजट बिगड़ चुका है। स्थिति इतनी गंभीर है कि चाय-नाश्ते की छोटी दुकानें बंद होने की कगार पर हैं।
- शादी-विवाह में संकट: गैस की अनुपलब्धता के कारण शादी वाले परिवारों और भंडारा समितियों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
किसानों के लिए बढ़ा डीजल का संकट
राजीव गुजराती ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि अब किसानों को केन और ड्रम में डीजल नहीं मिल पा रहा है। इससे खेती-किसानी के कार्यों में भारी बाधा आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की किल्लत और महंगाई ने समाज के हर वर्ग को प्रभावित किया है, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है।
एकजुट दिखी कांग्रेस
इस आंदोलन में कांग्रेस के सभी अनुषांगिक संगठनों ने अपनी शक्ति दिखाई। जिलाध्यक्ष की अपील पर कोतवाली चौराहा से शुरू हुई इस शव यात्रा में वरिष्ठ नेता, समन्वय समिति के सदस्य, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई (NSUI), सेवादल, किसान कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक जनता को इन समस्याओं से राहत नहीं मिलती, कांग्रेस का यह संघर्ष जारी रहेगा।




