रायसेन: VIP ड्यूटी के चक्कर में गई पत्रकार की जान! एंबुलेंस के इंतजार में 3 घंटे तड़पते रहे दीपक सोनी, इलाज में देरी से मौत

0
3

drnewsindia.com

रायसेन। जिले में शनिवार को आयोजित ‘राष्ट्रीय उन्नत कृषि महोत्सव’ की चकाचौंध के बीच एक बेहद दुखद और आक्रोशित करने वाली खबर सामने आई है। VIP व्यवस्थाओं में एंबुलेंस की व्यस्तता के कारण सांची निवासी पत्रकार दीपक सोनी की इलाज के अभाव में मौत हो गई। परिजनों का सीधा आरोप है कि यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती, तो दीपक की जान बचाई जा सकती थी।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पत्रकार दीपक सोनी सांची रोड पर एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल रायसेन जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत भोपाल रेफर कर दिया, लेकिन यहीं से लापरवाही का सिलसिला शुरू हुआ।

3 घंटे का दर्दनाक इंतजार

परिजनों का आरोप है कि दीपक की हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन जिला अस्पताल में 2 से 3 घंटे तक कोई भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूर होकर परिजन उन्हें एक निजी वाहन से भोपाल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। भोपाल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

VIP ड्यूटी में तैनात थी जीवनदायिनी

इस लापरवाही के पीछे का कारण बेहद चौंकाने वाला है। शनिवार को रायसेन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का कार्यक्रम था। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, जिला अस्पताल की तमाम एंबुलेंस इन VIP कार्यक्रमों की ड्यूटी में लगाई गई थीं। इस कारण एक गंभीर मरीज को समय पर रेफर करने के लिए एंबुलेंस तक मयस्सर नहीं हुई।

अधिकारियों का कबूलनामा

सिविल सर्जन डॉ. यशपाल बालियान ने स्वीकार किया कि एंबुलेंस VIP ड्यूटी में व्यस्त थीं और उस समय कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी। वहीं, परिजनों की शिकायत के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

परिजनों में भारी आक्रोश

एक होनहार पत्रकार और परिवार के सदस्य को खोने के बाद परिजनों में गहरा गुस्सा है। उनका कहना है कि प्रशासन के लिए बड़े नेताओं की सुरक्षा और सुविधा इतनी महत्वपूर्ण हो गई कि एक आम नागरिक और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के सदस्य की जान की कोई कीमत नहीं रही।


रायसेन और मध्य प्रदेश की हर बड़ी खबर और प्रशासनिक अपडेट के लिए drnewsindia.com के साथ जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here