गुना: चाचौड़ा में दिनदहाड़े ठगी, रिश्तेदार बनकर आए जालसाज ने महिला को सम्मोहित कर लूटे जेवर

0
3

drnewsindia.com

चाचौड़ा (गुना)। जिले के चाचौड़ा इलाके में गुरुवार दोपहर ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक शातिर ठग ने खुद को दूर का रिश्तेदार बताकर घर में प्रवेश किया और महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसके सोने के गहने लेकर चंपत हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

रिश्तेदार बनकर घर में घुसा ठग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला तनीषा व्यास गुरुवार दोपहर अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान सफेद स्कूटी पर सवार एक युवक उनके दरवाजे पर पहुंचा। युवक ने खुद को परिवार का परिचित और रिश्तेदार बताया। उसने बड़ी ही चतुराई से तनीषा से कहा कि— “मक्सूदनगढ़ में नए घर का गृह प्रवेश है, आपके ‘पापा’ ने मुझे आपको निमंत्रण देने के लिए भेजा है।”

बातों में उलझाकर दिया वारदात को अंजाम

ठग ने महिला का भरोसा जीतने के लिए उनके ससुराल (लाखोरी और पुरानीगंज) का भी जिक्र किया, जिससे महिला को लगा कि वह वाकई कोई करीबी है। तनीषा ने उसे घर के अंदर बुलाकर पानी पिलाया। इसी दौरान आरोपी ने सम्मोहन या बातों के जाल में ऐसा फंसाया कि महिला ने अपने कान के सोने के टॉप्स और गले का मंगलसूत्र उतारकर उसे सौंप दिए। जेवर हाथ में आते ही आरोपी अपनी स्कूटी से रफूचक्कर हो गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

जब तक महिला को ठगी का अहसास हुआ, आरोपी काफी दूर निकल चुका था। महिला ने तुरंत पड़ोसियों और अपने पति को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही चाचौड़ा पुलिस मौके पर पहुंची।

  • आरोपी का हुलिया: कम लंबाई, सफेद शर्ट और नीले रंग की पैंट।
  • पुलिस कार्रवाई: पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here