अशोकनगर: पुलिस की मुस्तैदी से चोरी की बड़ी वारदात नाकाम, रंगे हाथ पकड़ाया एक आरोपी

0
6

drnewsindia.com

अशोकनगर। जिले में पुलिस की सक्रियता और रात्रि गश्त के चलते चोरी की एक सनसनीखेज वारदात को नाकाम कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने सूने मकान में सेंधमारी कर रहे एक बदमाश को रंगे हाथ दबोचा है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। फरार आरोपी पर पुलिस अधीक्षक ने इनाम की घोषणा की है।

ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल

घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात (10-11 मई) की है। कोतवाली थाने के प्रधान आरक्षक लखन खटीक जब मंदसौर मिल क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी उन्हें एक संदिग्ध युवक मकान के पास से भागता हुआ दिखा। शक होने पर जब उन्होंने पड़ताल की, तो मकान की छत से एक साड़ी लटकती मिली और अंदर से कुछ आवाजें सुनाई दीं।

खतरे को भांपते हुए प्रधान आरक्षक ने तुरंत वायरलेस सेट के जरिए कंट्रोल रूम और थाना प्रभारी को सूचना दी।

घेराबंदी कर दबोचा बदमाश

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान और उपनिरीक्षक पुनीत दीक्षित भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने पड़ोसी के घर से सीढ़ी लगाकर मकान के अंदर प्रवेश किया। पूरी टीम ने मिलकर मकान की तलाशी ली और अंदर छिपे बैठे आरोपी रामवीर कुशवाह (निवासी शंकर कॉलोनी) को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि, उसका दूसरा साथी कल्लू कुशवाह (निवासी मंदसौर मिल) पुलिस को देख चकमा देकर भाग निकला। हड़बड़ाहट में वह चोरी की गई बाइक, टीवी और गैस सिलेंडर मौके पर ही छोड़ गया।

फरार आरोपी पर 5 हजार का इनाम

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से बाइक और टीवी बरामद कर ली है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर रामवीर को कोर्ट में पेश किया है। वहीं, फरार आरोपी कल्लू कुशवाह की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने 5,000 रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है।


ऐसी ही ताजा खबरों के लिए जुड़े रहिये हमारी वेबसाइट के साथ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here