drnewsindia.com
भोपाल। राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी और सीमित स्टॉक की आशंका के बीच बड़ा संकट खड़ा हो गया है. तेल कंपनियों ने ईंधन की सप्लाई पर कैपिंग (सीमित सप्लाई) शुरू कर दी है, जिसके चलते बुधवार रात को ही भोपाल के दो प्रमुख पेट्रोल पंप पूरी तरह ‘ड्राय’ यानी खाली हो गए.
शहर के बीचो-बीच स्थित कटारे पेट्रोल पंप और रायसेन रोड स्थित प्रभात पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया. इसके चलते रात 10 बजे से पहले ही दोनों पंपों पर बिक्री रोकनी पड़ी और देर रात पहुंचे वाहन चालकों को बिना तेल लिए ही वापस लौटना पड़ा.
🚫 मशीनों के नोजल में सेट हुई लिमिट, ऑटोमैटिक लॉक हो रही मशीनें
मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अनुसार, कंपनियों ने एक दिन पहले से ही प्रदेश भर के पेट्रोल पंपों पर एक बार में तय सीमा से ज्यादा डीजल देने पर रोक लगा दी है. इसके लिए तेल कंपनियों ने मशीनों के नोजल में एक लिमिट सेट कर दी है, जिससे तय सीमा पार होते ही मशीनें अपने आप लॉक हो जाती हैं.

📊 सप्लाई में भारी कटौती: 220 से घटाकर किए 160 टैंकर
मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि डिपो से पेट्रोल पंपों तक होने वाली सप्लाई में भारी कटौती की गई है.
- करीब 20 दिन पहले तक जहां 220 टैंकरों के जरिए भोपाल और आसपास सप्लाई हो रही थी, उसे अब घटाकर महज 160 टैंकर कर दिया गया है.
- शहर में डिमांड के मुकाबले सप्लाई बेहद कम मिल रही है, जिसके चलते भोपाल के आसपास के ग्रामीण इलाकों में कई पेट्रोल पंप पहले ही ड्राई हो चुके हैं.
⛽ बाजार में शॉर्टेज की चर्चा, ग्राहकों ने शुरू की ओवर-परचेजिंग
बैरसिया रोड (काजीकैंप) स्थित शीबा पेट्रोल पंप के मैनेजर सलमान ने बताया कि फिलहाल उनके यहां सप्लाई सामान्य है, लेकिन बाजार में शॉर्टेज की अफवाहों और चर्चाओं के चलते ग्राहक अचानक जरूरत से ज्यादा मात्रा में ईंधन भरवा रहे हैं. वहीं करोंद क्षेत्र के एक पंप संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर पुष्टि की है कि डीजल की सप्लाई पहले की तुलना में काफी कम मिल रही है, जिसके कारण उन्हें मजबूरी में बिक्री को नियंत्रित (Control) करना पड़ रहा है.

🔍 प्रशासन का दावा: शहर में सप्लाई सामान्य, निरीक्षण जारी
ईंधन की कमी की खबरों के बीच जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने लालघाटी, करोंद, भानपुर और अयोध्या बायपास क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया. हालांकि, जिला प्रशासन का दावा है कि शहर में फिलहाल ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.




