drnewsindia.com/विदिशा। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश की प्रतिष्ठित कैंसर उपचार एवं अनुसंधान संस्था टाटा मेमोरियल अस्पताल की एक इकाई मध्यप्रदेश के विदिशा में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल के सफल होने पर प्रदेश के लाखों कैंसर मरीजों को इलाज के लिए मुंबई और अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

विदिशा मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर के उद्घाटन अवसर पर चौहान ने कहा कि टाटा मेमोरियल अस्पताल केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की अग्रणी कैंसर उपचार संस्थाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा और 15 अगस्त के बाद डे-केयर सुविधाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कैंसर जांच शिविर को “मानव सेवा का एक महान यज्ञ” बताते हुए कहा कि शिविर में चिन्हित होने वाले प्रत्येक मरीज के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “कैंसर का नाम सुनते ही लोग घबरा जाते हैं, लेकिन समय पर जांच और सही इलाज से इस बीमारी का सफल उपचार संभव है। जांच के बाद विशेषज्ञ चिकित्सक तय करेंगे कि मरीज को दवाओं, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी या सर्जरी में से किस उपचार की आवश्यकता है। हमारा प्रयास केवल जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।”

शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर टीकाकरण अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।

उन्होंने लोगों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए गुटखा, तंबाकू और शराब जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहने की अपील की। चौहान ने कहा कि तंबाकू और नशे का सेवन कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है, इसलिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।

इस नि:शुल्क कैंसर जांच अभियान से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं विदिशा में टाटा मेमोरियल अस्पताल की इकाई स्थापित होने की संभावना ने मरीजों और उनके परिजनों में नई उम्मीद जगा दी है।




