एमपी में अगले सप्ताह दस्तक दे सकता है मानसून, 18 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; 10-11 जून को लू भी सताएगी

0
6

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून 15 से 18 जून के बीच प्रवेश कर सकता है। संभावना जताई जा रही है कि मानसून इंदौर संभाग और जबलपुर संभाग के छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, बैतूल जैसे जिलों से प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

मानसून से पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। मंगलवार को प्रदेश के 18 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया और शहडोल सहित कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना है।

दो दिन चलेगी हीटवेव

मौसम विभाग ने 10 और 11 जून को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गर्मी, आंधी और बारिश तीनों का असर देखने को मिलेगा।

कई शहरों में 42 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

सोमवार को मंडला प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छिंदवाड़ा में 42.1, खजुराहो में 42 और दमोह में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। ग्वालियर 41.6 डिग्री के साथ बड़े शहरों में सबसे गर्म रहा, जबकि भोपाल में 38.7 और इंदौर में 38.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

पूर्वी और महाकौशल क्षेत्र में बारिश की संभावना

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट और सिवनी जिलों में अगले तीन से चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।

भोपाल-नर्मदापुरम में मिलेगी राहत

भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों में दोपहर बाद बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में उमस बढ़ने की संभावना बनी रहेगी।

मानसून प्रवेश की बन रही भूमिका

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य प्रदेश में मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। यदि अगले कुछ दिनों तक यही मौसम बना रहा तो दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेजी पकड़ सकती हैं। किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई से पहले अच्छी और स्थायी बारिश का इंतजार करने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here