drnewsindia.com
मध्य प्रदेश । मध्य प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की तीसरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है। भाजपा की आपत्ति के बाद मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ने यह बड़ा फैसला लिया। इस फैसले के बाद अब तीनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
इस घटनाक्रम के बाद भोपाल से लेकर दिल्ली तक सियासी हड़कंप मच गया है। कांग्रेस विधायकों को लेकर बेंगलुरु जा रहा चार्टर्ड विमान रनवे से वापस लौट आया है।
🚨 क्यों खारिज हुआ नामांकन? (भाजपा का आरोप बनाम कांग्रेस का जवाब)
भाजपा ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई थी। भाजपा का आरोप था कि उन्होंने अपने हलफनामे में एक आपराधिक मामले की जानकारी छिपाई है।
- रिटर्निंग ऑफिसर का तर्क: कांग्रेस के अधिवक्ता अजय गुप्ता के अनुसार, हैदराबाद की एक अदालत से मीनाक्षी नटराजन को धारा 223 के तहत एक नोटिस जारी हुआ था, जिसका उल्लेख उन्होंने अपने फॉर्म और शपथ पत्र में नहीं किया था। इसे जानकारी छिपाना मानते हुए फॉर्म रिजेक्ट किया गया।
- कांग्रेस का रुख: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अधिवक्ता अजय गुप्ता ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि मीनाक्षी के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है, वह सिर्फ एक नोटिस था। कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। दिल्ली में केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में एक दल भारत निर्वाचन आयोग (ECI) भी पहुंचा है।

✈️ हाई वोल्टेज ड्रामा: रनवे से लौटा कांग्रेस विधायकों का विमान
नामांकन खारिज होने से ठीक पहले भोपाल एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। कांग्रेस अपने विधायकों की बाड़ाबंदी करते हुए उन्हें बेंगलुरु शिफ्ट कर रही थी।
- परमिशन का विवाद: दोपहर करीब 2:30 बजे स्टार एयरलाइंस की चार्टर्ड फ्लाइट भोपाल पहुंची, लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उड़ान की अनुमति देने से मना कर दिया।
- सज्जन सिंह वर्मा का आरोप: कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने मोहन सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, “अथॉरिटी का कहना है कि फ्लाइट विदेश जा सकती है, लेकिन देश के अंदर नहीं उड़ सकती। यह मूर्खतापूर्ण है।”
- रनवे से वापसी: शाम करीब 6:30 बजे 38 विधायकों सहित 75 लोगों को लेकर विमान ने जैसे ही उड़ान भरने के लिए रनवे का रुख किया, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने की खबर आ गई और विमान को रनवे से ही वापस लौटना पड़ा।
🗣️ ‘वोट चोरी के बाद अब सीट चोरी’: कांग्रेस के बड़े नेताओं के तीखे बाण
इस बड़े झटके के बाद कांग्रेस ने प्रदेश कार्यालय में एक आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, जिसमें जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह, उमंग सिंघार और अरुण यादव जैसे दिग्गज नेता शामिल हुए।
जीतू पटवारी (PCC चीफ): “भाजपा रात-दिन इस कोशिश में है कि मध्य प्रदेश कैसे कलंकित हो। पूरे देश में वोट चोरी, वोटर लिस्ट में हेरफेर और विधायकों की खरीद-फरोख्त की चर्चा है। कुछ दिन पहले महिला आरक्षण का ढोंग करने वाली भाजपा की असल सोच आज सामने आ गई है। हम लोकतंत्र को बचाने के लिए पूरी जान लगाकर लड़ेंगे।”

विवेक तन्खा (राज्यसभा सांसद): “अब देश में वोट चोरी से नेक्स्ट लेवल पर ‘सीट चोरी’ का सिलसिला शुरू हो गया है। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त नहीं हुआ है, बल्कि यह सीधे तौर पर प्रजातंत्र की हत्या है।”
मध्य प्रदेश की राजनीति और इस राज्यसभा चुनाव से जुड़ी हर पल की लाइव अपडेट्स के लिए बने रहिए drnewsindia.com के साथ।





