भोपाल में बड़ी कार्रवाई: केरवा डैम किनारे ₹27 करोड़ की अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोज़र; सड़कें उखाड़ीं, बाउंड्रीवॉल जमींदोज़

0
2

drnewsindia.com

भोपाल। राजधानी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केरवा डैम (Kerwa Dam) और उसके आसपास के कैचमेंट एरिया में बिना अनुमति काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को लेकर भोपाल जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को हुजूर अनुभाग प्रशासन ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेंडोरी और बरखेड़ी बाज्याफत क्षेत्र में विकसित की जा रही दो बड़ी अवैध कॉलोनियों को नेस्तनाबूद कर दिया।

इस बड़ी कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कॉलोनियों की सड़कें उखाड़ दी गईं और बनाई गई बाउंड्रीवॉल को पूरी तरह तोड़ दिया गया। जमींदोज़ की गई इन दोनों कॉलोनियों की ज़मीन की अनुमानित बाजार कीमत 27 करोड़ रुपए आंकी गई है।

🚜 हुजूर एसडीएम के नेतृत्व में पहुंचा भारी अमला

यह पूरी कार्रवाई हुजूर अनुभाग क्षेत्र में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में अंजाम दी गई। हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि केरवा डैम के प्रतिबंधित और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद तहसीलदार अतुल शर्मा की मौजूदगी में राजस्व और पुलिस विभाग का अमला पहले मेंडोरी गांव पहुंचा और फिर बरखेड़ी बाज्याफत में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।

📍 इन दो प्रमुख कॉलोनियों पर चला प्रशासन का पीला पंजा

प्रशासनिक टीम ने जिन दो खसरों और जमीनों पर मुख्य रूप से बुलडोज़र चलाया, उनका विवरण इस प्रकार है:

  1. ग्राम मेंडोरी (तहसील हुजूर): यहाँ की करीब 1.590 हेक्टेयर भूमि मुनतियाज अली के नाम पर सरकारी दस्तावेजों में दर्ज है। इस जमीन पर राजीव द्विवेदी द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण (प्लाटिंग) किया जा रहा था। यह निर्माण डैम के एफटीएल (Full Tank Level) से महज 33 मीटर के दायरे में यानी पूरी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रहा था। इस ज़मीन का अनुमानित बाजार मूल्य 15 करोड़ रुपए है।
  2. ग्राम बेरखेड़ी बज्याफत: यहाँ खसरा नंबर 296 के अंतर्गत आने वाली 1.570 हेक्टेयर जमीन शाहवाज खान के नाम पर दर्ज है। इस ज़मीन पर भी राजीव द्विवेदी नामक व्यक्ति द्वारा ही अवैध कॉलोनी का जाल बिछाया जा रहा था। राजस्व दल ने यहाँ पहुंच कर सभी अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस जमीन की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए है।

💰 6 दिन में ₹150 करोड़ से ज्यादा की जमीनों से हटा अवैध कब्जा

राजधानी भोपाल के हुजूर अनुभाग में भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ बीते छह दिनों से लगातार महा-अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन अब तक 15 से ज्यादा अवैध कॉलोनियों पर कड़ा एक्शन ले चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, ये तमाम कॉलोनियां बिना किसी टीएंडसीपी (T&CP) या रेरा (RERA) की अनुमति के करीब 150 करोड़ रुपए से अधिक की बेशकीमती जमीनों पर अवैध रूप से विकसित की जा रही थीं, जिन्हें समय रहते रोक दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कैचमेंट एरिया और डैम के पास पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अवैध प्रोजेक्ट को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here