UAE ने 1 रन से रचा इतिहास, मलेशिया को हराकर U-19 विमेंस T20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए किया क्वालीफाई

0
2

drnewsindia.com

स्पोर्ट्स डेस्क | यूएई महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रोमांचक मुकाबले में मेजबान मलेशिया को महज 1 रन से हराकर ICC अंडर-19 विमेंस T20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। एशिया क्वालिफायर का फाइनल मुकाबला मलेशिया के बायुमास ओवल में खेला गया, जहां आखिरी ओवर तक चले संघर्ष में यूएई ने शानदार जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई की टीम 19.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशिया की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 94 रन ही बना सकी और यूएई ने 1 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अल मसीरा जहांगीर बनीं जीत की हीरो

फाइनल में अल मसीरा जहांगीर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 34 गेंदों में 31 रन बनाए और गेंदबाजी में 12 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही यूएई

23 जुलाई से शुरू हुए आठ टीमों के एशिया क्वालिफायर में यूएई ने एक भी मैच नहीं गंवाया। टीम ने ग्रुप चरण में हांगकांग चीन, मलेशिया और कतर को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में भूटान को 73 रन से मात देकर फाइनल में जगह बनाई और खिताब जीतते हुए विश्व कप का टिकट हासिल किया।

2027 वर्ल्ड कप नेपाल और बांग्लादेश में

ICC अंडर-19 विमेंस T20 वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन नेपाल और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में होगा। यह टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण होगा, जिसमें 16 टीमें हिस्सा लेंगी।

भारत है मौजूदा चैंपियन

ICC अंडर-19 विमेंस T20 वर्ल्ड कप के अब तक दो संस्करण खेले जा चुके हैं। 2023 और 2025 दोनों बार भारतीय टीम ने खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखा था। अब 2027 में सभी की नजरें तीसरे संस्करण पर होंगी, जहां यूएई भी अपनी चुनौती पेश करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here